देहरादून: पहाड़ से मैदान तक मौसम की आंख-मिचौली, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने बादलों का डेरा बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम के इस बदले मिजाज ने ठंड को फिर से बढ़ा दिया है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं कुछ मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठंड बरकरार रहेगी।

बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हो रही बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पर्वतीय इलाकों में तापमान में गिरावट से फसलों और आम जनजीवन पर भी असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने आज भी वर्षा और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने खासतौर पर यात्रियों और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

प्रदेश में मौसम की यह आंख-मिचौली आने वाले एक-दो दिन और जारी रह सकती है, जिससे ठंड का असर बना रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *