मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में दिखी सख्ती

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल और सक्रियता बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, जांच सेवाओं और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।

मरीजों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की मौजूदगी और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को गंभीर मरीजों के इलाज में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि तीमारदारों को उपचार से जुड़ी आवश्यक जानकारी समय पर दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को निजी अस्पतालों के बराबर बेहतर और भरोसेमंद बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन को किसी तरह की असुविधा न हो और अस्पताल में बेहतर समन्वय के साथ सेवाएं प्रदान की जाएं।

इस मौके पर दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *