माँ निकली कुमाता,मां ने ही रची थी बेटे की हत्या की साजिश,

देहरादून के तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड ने परिवार और संपत्ति विवाद की दर्दभरी कहानी सामने ला दी। इस मामले में बेटे की हत्या की सुपारी उसकी ही मां बीना शर्मा ने दी। पुलिस जांच के अनुसार, संपत्ति और पैसों के विवाद ने मां-बेटे के बीच दूरियां पैदा कर दी थीं और इसी कारण बीना शर्मा ने हत्या की योजना बनाई।

बीना शर्मा के पति, कर्नल रमेश चंद्र शर्मा, 38 वर्ष की उम्र में सेवा के दौरान शहीद हो चुके थे। इसके बाद केंद्र सरकार ने बीना शर्मा को आजीविका के लिए गैस एजेंसी आवंटित की थी। यह एजेंसी उनकी पैतृक संपत्ति के रूप में संचालित हो रही थी और जमीन अर्जुन और बीना शर्मा के नाम पर थी।

बीना शर्मा और अर्जुन के बीच संपत्ति के कारण विवाद लंबे समय से चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ कोर्ट-कचहरी और पुलिस थाने तक जा चुके थे। अर्जुन ने अपनी मां की ओर से बेची गई प्रॉपर्टी पर न्यायालय से स्टे ले रखा था।

बीना शर्मा का लंबे समय से अपने पुराने परिचित विनोद उनियाल के साथ गहरा संबंध था। इसके अलावा, डॉ. अजय खन्ना से भी संपत्ति के लेन-देन को लेकर कई करोड़ रुपये का व्यापार चल रहा था। बीना शर्मा ने करोड़ों रुपये विनोद उनियाल के खातों में ट्रांसफर कर दिए थे। डॉ. अजय खन्ना ने जीएमएस रोड स्थित प्रॉपर्टी खरीदने के एवज में बीना शर्मा को 14 करोड़ रुपये में डील की थी, जिसमें अब तक 8 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो बाद में विनोद उनियाल के खाते में गए।

अर्जुन और बीना शर्मा के बीच पैसों और प्रॉपर्टी को लेकर लगातार विवाद और झगड़ा होता रहा। अर्जुन को प्रॉपर्टी पर कब्जा न मिलने और बड़ी धनराशि देने के बावजूद अधिकार न मिलने के कारण बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना ने अर्जुन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

इस योजना को अंजाम देने के लिए ग्राम देवीखाल, पोस्ट गुमखाल, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल के निवासी पंकज राणा और उनके भाई राजीव राणा को हायर किया गया। दोनों को इसके लिए कुल 12 लाख रुपये की डील मिली, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए और बाकी राशि काम पूरा होने पर दी जानी थी।

पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई और शुक्रवार को बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून में मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया। पुलिस ने बताया कि यह तीनों साजिश के मास्टरमाइंड हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि बीना शर्मा ने अपने बेटे से खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी ली हुई थी। इसके बाद अर्जुन अलग रहकर वसंत विहार, देहरादून में किराए के मकान पर रहने लगा।

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य कारण संपत्ति और पैसों का विवाद था। आरोपियों के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और अब सभी मुख्य आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।


 


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *