Anuj Tyagi


किसान विरोधी है केंद्र सरकार का बजट : चौधरी अक्षय त्यागी

मुजफ्फरनगर।
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट पर भारतीय किसान यूनियन अराजनितिक ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी अक्षय त्यागी ने बजट को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि यह किसानों की घोर उपेक्षा और सरकार की असंवेदनशील सोच को दर्शाता है।

चौधरी अक्षय त्यागी ने कहा कि सरकार को बजट में किसानों की मूलभूत समस्याओं जैसे बढ़ती उत्पादन लागत, फसलों का लाभकारी मूल्य और कर्ज के बोझ को प्राथमिकता देनी चाहिए थी, लेकिन इन अहम मुद्दों पर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। इससे स्पष्ट है कि सरकार की नीतियां ज़मीनी हकीकत से दूर हैं।

उन्होंने गन्ना किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार दूसरे वर्ष भी गन्ना किसानों को लागत से कम दामों पर फसल बेचने को मजबूर किया जा रहा है। खाद, बीज, बिजली, डीज़ल और मजदूरी की बढ़ती कीमतों ने किसानों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है, लेकिन सरकार इस गंभीर संकट की अनदेखी कर रही है।

चौधरी अक्षय त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन अराजनितिक किसानों के हित में निर्णायक आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *