देहरादून: राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को किया गया सम्मानित
आशीष त्यागी
देहरादून। सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर दून डिफेंस एकेडमी के त्रिशक्ति कैंपस, सहस्त्रधारा रोड पर युवा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज, खेल, शिक्षा, उद्यमिता, साहित्य, राजनीति और पॉडकास्ट से जुड़े युवाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

श्रीमती मधु भट्ट का संदेश
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर श्रीमती मधु भट्ट ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाएं। श्रीमती भट्ट ने कहा कि शिक्षित, संस्कारित और जागरूक युवा ही सशक्त भारत की नींव हैं, और विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलकर ही राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी जा सकती है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती मधु भट्ट, उपाध्यक्ष संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद, कर्नल देवेन दत्ता, अश्विनी कुमार (फाउंडर EQF), राहुल रावत (अध्यक्ष सर्वगुण सोसाइटी) और राजीव गुरंग (सचिव सर्वगुण सोसाइटी) सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। एकेडमी के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

