चरथावल पुलिस ने अवैध तमंचे व जिंदा कारतूस के साथ युवक को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

असलम त्यागी 

मुज़फ्फरनगर जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना चरथावल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के सघन पर्यवेक्षण में थाना चरथावल पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार किया है।

प्रभारी निरीक्षक चरथावल सत्यनारायण दहीया के नेतृत्व में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को उपनिरीक्षक राजेश शर्मा पुलिस टीम के साथ चेकिंग एवं गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पावटी रोड स्थित पटाखा गोदाम के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 अदद तमंचा .315 बोर तथा 01 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम संजय पुत्र राजू, निवासी मोहल्ला महाब्रह्मनान, कस्बा व थाना चरथावल, जनपद मुज़फ्फरनगर बताया। अभियुक्त की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध थाना चरथावल पर मु0अ0सं0 320/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश शर्मा के साथ कांस्टेबल राहुल गिरी एवं तेजेन्द्र धामा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त व आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *