बढ़ती ठंड व वायु प्रदूषण को लेकर जिलाधिकारी से स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग

मुजफ्फरनगर।
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड, शीतलहर एवं वायु प्रदूषण को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी से विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की गई है। इस संबंध में त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी द्वारा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में अत्यधिक ठंड और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिसका सबसे अधिक असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ठंड एवं प्रदूषण के चलते बच्चों में सर्दी, खांसी, दमा सहित अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

अक्षु त्यागी ने बताया कि प्रातःकाल अत्यधिक ठंड होने के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में कुछ दिनों का अवकाश घोषित करना अथवा शीतकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाना आवश्यक है।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से आग्रह किया गया कि जिले के समस्त विद्यालयों, विशेषकर नर्सरी से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक कक्षाओं तक, ठंड एवं प्रदूषण की स्थिति सामान्य होने तक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।

त्यागी भूमिहार महासभा ने प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है, जिससे अभिभावकों और बच्चों को राहत मिल सके।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *