आशीष त्यागी, देहरादून
देहरादून में त्यागी सभा के वार्षिक कार्यक्रम में अनिल त्यागी व अरुण त्यागी का हुआ स्नेहपूर्ण सम्मान
देहरादून।
रविवार को देहरादून स्थित अपोलो इंटरनेशनल स्कूल, सहस्रधारा रोड पर त्यागी सभा द्वारा वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही गरिमामय एवं स्नेहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर रोहाना गन्ना समिति के अध्यक्ष अनिल त्यागी तथा जिला पंचायत सदस्य अरुण त्यागी को समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में त्यागी समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान कार्यक्रम समिति द्वारा समाज सेवा और सामाजिक योगदान के लिए आयोजित किया गया, जिसमें अनिल त्यागी एवं अरुण त्यागी को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, शिक्षा, संगठन और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सतीश त्यागी एवं प्रबंध समिति के सदस्य हरिराज त्यागी, अनुज त्यागी और पवन त्यागी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नीरज त्यागी द्वारा किया गया। सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा स्वागत किया गया और कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अनिल त्यागी ने त्यागी समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा
समाज की मजबूती के लिए शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, युवाओं को सही दिशा देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि समाज सुधार केवल भाषणों से नहीं बल्कि कर्म और व्यवहार से संभव है।
वहीं अरुण त्यागी ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठित समाज ही विकास के नए मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने सभी से सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए समाज हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया और समाज की एकता व प्रगति के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया गया।



