Anuj Tyagi


रोहाना में अमृत इंटर कॉलेज का भव्य आयोजन — संस्थापक सरदार श्याम सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण, पुरातन छात्र समारोह में भारी सहभागिता

मुज़फ्फरनगर।रोहाना कस्बे स्थित अमृत इंटर कॉलेज में रविवार को एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर कॉलेज एवं रोहाना शुगर मिल के संस्थापक श्रद्धेय सरदार श्याम सिंह जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम के साथ ही पुरातन छात्र मिलन समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के सम्मानित लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन रोहाना गन्ना समिति के अध्यक्ष अनिल त्यागी द्वारा किया गया, जिन्होंने समूचे आयोजन की व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला। अनिल त्यागी ने कहा कि “श्रद्धेय सरदार श्याम सिंह जी सिर्फ एक संस्थापक नहीं थे, बल्कि इस क्षेत्र की शिक्षा, किसान हित और सामाजिक विकास की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी पुरुष थे। उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायमूर्ति मोहम्मद ताहिर ने की। मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, गोल्ड प्लस ग्लास के एमडी सुरेश त्यागी रहे ,वही विवेक बालियान, यू.एस. तेवतिया (आईपीएल), लोकश बालियान (महाप्रबंधक), चरथावल ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, तथा जिला पंचायत सदस्य अरुण त्यागी (बरला) जैसी प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।

मुख्य अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंच से संबोधन में सभी गणमान्यों ने सरदार श्याम सिंह जी के दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा के प्रति समर्पण और क्षेत्र को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के उनके अतुलनीय कार्यों को याद किया।


▪ सुरेश त्यागी (एमडी, गोल्ड प्लस ग्लास) 

“अमृत इंटर कॉलेज और रोहाना शुगर मिल की बुनियाद रखने वाले श्रद्धेय सरदार श्याम सिंह जी इस क्षेत्र की शिक्षा और औद्योगिक प्रगति के स्तंभ रहे हैं। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके योगदान को नमन करने का क्षण है। उनकी सोच और कार्य आज भी हम सबके लिए प्रेरणा हैं।”


▪ कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार 

“श्रद्धेय सरदार श्याम सिंह जी ने रोहाना क्षेत्र में शिक्षा और उद्योग दोनों को नई पहचान दी। उनकी दूरदर्शिता ने असंख्य परिवारों को आगे बढ़ने का अवसर दिया। उनके सम्मान में आयोजित यह समारोह उनके आदर्शों को आगे ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”


▪ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल 

“सरदार श्याम सिंह जी न सिर्फ एक संस्थापक थे, बल्कि समाज निर्माण की मजबूत आधारशिला थे। उनकी प्रतिमा का अनावरण हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उनके द्वारा शुरू किए गए शिक्षा एवं विकास के मार्ग को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”


कार्यक्रम में उपस्थित पुरातन छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर गर्व व्यक्त किया। कॉलेज शिक्षकों एवं वरिष्ठ गुरूजनों को सम्मानित किया गया, जिसके दौरान पूरे परिसर में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

सभी विशिष्ट अतिथियों और पूर्व छात्र समुदाय की गरिमामयी उपस्थिति में संस्थापक श्रद्धेय सरदार श्याम सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण विधिवत सम्पन्न हुआ, जिसके बाद समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *