बुढ़ाना डीएवी पीजी कॉलेज में आत्मदाह कर छात्र उज्जवल की मौत पर आक्रोश, कॉलेज गेट पर छात्र पंचायत शुरू

बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर।
डीएवी पीजी कॉलेज बुढ़ाना के मुख्य गेट पर सोमवार को छात्र संघ के नेतृत्व में बड़ी छात्र पंचायत शुरू हुई। उज्जवल की मौत को लेकर छात्रों और युवाओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। उपस्थित छात्र नेताओं ने कहा कि उज्जवल की मौत किसी सामान्य घटना का परिणाम नहीं, बल्कि गंभीर साजिश है। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पंचायत में मुजफ्फरनगर के अलावा मेरठ, बागपत और अन्य जिलों से आए छात्र नेता और युवा भी शामिल हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उज्जवल को न्याय नहीं मिलता, यह आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान निजी कॉलेजों द्वारा फीस के नाम पर छात्रों को प्रताड़ित किए जाने और कॉलेज प्रबंधन के रवैये पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई।

पंचायत स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर “उज्जवल को इंसाफ दो” के नारे लगा रहे हैं। इसी दौरान बागपत के सांसद और रालोद के कई नेता भी पंचायत में पहुंचे, जिससे आंदोलन को और बल मिला।

आज दिल्ली से बुढ़ाना पहुंचेगा शव
सूत्रों के अनुसार उज्जवल का शव आज दिल्ली से बुढ़ाना लाया जा रहा है। शव के पहुंचने के बाद माहौल और अधिक संवेदनशील होने की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए कॉलेज गेट और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन हालात पर निगरानी बनाए हुए है और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

फिलहाल, छात्र पंचायत जारी है और आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *