नीलगाय से टकराई स्कूटी, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत — चरथावल में छाया मातम
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बिरालसी गांव के पास चरथावल–थानाभवन मार्ग पर स्कूटी सवार दो युवक अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार 27 वर्षीय जुनैद पुत्र जरीफ और 30 वर्षीय नाहिद पुत्र नवाब, दोनों निवासी चरथावल, बिरालसी चौकी के निकट सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर चौकी इंचार्ज संजय तोमर मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी चरथावल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल नाहिद को जिला अस्पताल से रेफर कर आनंद अस्पताल, मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
दोनों दोस्तों की एक साथ मौत की खबर से चरथावल नगर में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

