छात्रसंघ नेता अमन जैन ने परीक्षा नियंत्रक से की मुलाकात, छात्रों की समस्याओं पर सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन
मुज़फ्फरनगर
सहारनपुर मां शाकुंभरी देवी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर छात्रसंघ संयुक्त सचिव अमन जैन ने आज विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों की परेशानियों के समाधान हेतु छः सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
अमन जैन ने बताया कि ज्ञापन में परीक्षा परिणामों के अपडेशन में देरी, अंकतालिकाओं में संशोधन की प्रक्रिया, तथा विद्यार्थियों को संबंधित जानकारी ऑनलाइन व ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने बहुविकल्पीय परीक्षा में ओएमआर शीट के साथ स्टूडेंट कॉपी उपलब्ध कराने या उसकी स्कैन कॉपी अपलोड करने, एलएलएम में अंक सुधार हेतु परीक्षा फार्म भरवाने और यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों के परीक्षा फार्म की तिथि बढ़ाने की मांग भी की।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार ने ज्ञापन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए यूजी और पीजी परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि तत्काल बढ़ाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने अन्य सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
अमन जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की यह पहल छात्रों के हित में एक सराहनीय कदम है और इससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।

