मुजफ्फरनगर में रेशु चौक बना “भारत रत्न चौधरी चरण सिंह चौक” — विधायक पंकज मलिक की पहल का क्षेत्रवासियों ने किया जोरदार स्वागत

 

मुजफ्फरनगर। जनपद की सर्कुलर रोड स्थित रेशु चौक अब “भारत रत्न चौधरी चरण सिंह चौक” के नाम से जाना जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा चौक का नाम परिवर्तन किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक का जोरदार स्वागत किया। इसी मुद्दे को विधायक पंकज मलिक ने प्रदेश विधानसभा में पूरे दमदार तरीके से उठाया था।

रविवार को क्षेत्रवासियों ने विधायक पंकज मलिक को भारत रत्न चौधरी चरण सिंह चौक पर आमंत्रित कर फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। लोगों ने कहा कि किसान नेता व पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के नाम पर चौक का नाम रखा जाना पूरे मुजफ्फरनगर के लिए गौरव की बात है।

इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक ने कहा कि “किसान मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का देश और प्रदेश के विकास में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आम जनता के हक के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके नाम पर चौक का नामकरण होना जनभावनाओं का सम्मान है।”

उन्होंने आगे कहा कि “सभी चौधरी चरण सिंह वादी लोग उनमें गहरी आस्था रखते हैं। इसी भावना को देखते हुए मैंने सदन में यह मुद्दा उठाया था। अब नगरपालिका ने इसे अमल में लाकर लोगों की भावनाओं को सम्मान दिया है।”
विधायक ने यह भी घोषणा की कि “आने वाले एक महीने के भीतर चौक पर भारत रत्न किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे यह स्थान उनकी विचारधारा और सिद्धांतों का प्रतीक बनेगा।”

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का नाम किसानों की आत्मा में बसा है। उनका नाम किसी चौक, सड़क या संस्था से जुड़ना सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि किसान आंदोलन की विरासत को जीवित रखना है।”

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में लड्डू बांटे गए और माहौल उत्सवमय हो गया। लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक पंकज मलिक का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके इस कदम की सराहना की।

मौजूद रहे — हरपाल सिंह, ओमवीर सिंह, योगेंद्र सिंह, हरविंदर सिंह, दिनेश, विकास बालियान, शिवम (सभासद), सनी बालियान, खुशबीर सिंह, नरेंद्र, सुदेश, संजीव, प्रशांत, मनजीत, अमरदीप चौधरी, वीरभान, सतबीर सिंह, निकाश, उमेश, महेश आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *