नशे के सौदागर पर बड़ी कार्रवाई: मुजफ्फरनगर पुलिस ने अब्दुल कादिर की 10 करोड़ की संपत्ति की सीज

मुजफ्फरनगर। नशे के कारोबार के खिलाफ बुढ़ाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा सौदागर अब्दुल कादिर की करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर दी। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत की गई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अब्दुल कादिर को करीब दो माह पहले पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने उसकी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है।

शनिवार को नायब तहसीलदार अमन कुमार और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में बुढ़ाना तहसील से कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने सहारनपुर, बागपत और मुजफ्फरनगर जिलों में फैली अब्दुल कादिर की संपत्तियों पर सीज की कार्यवाही अमल में लाई। इसमें कई भूखंडों, मकानों और अन्य संपत्तियों को प्रशासन ने सील किया।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने संपत्ति सीलिंग की पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी के साथ पूरी की। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अब्दुल कादिर लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था और उसने अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्तियाँ कई जनपदों में खड़ी की थीं।

इस बड़ी कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल के कुशल निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे जैसे अवैध धंधों में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *