मुज़फ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में वांछित गौकश हिस्ट्रीशीटर जावेद गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद
मुज़फ्फरनगर। थाना पुरकाजी पुलिस ने सोमवार को हुई मुठभेड़ में वांछित गौकश एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी जावेद को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी पुलिस खाईखेड़ी मिल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी दो बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश जावेद पुत्र शराफत निवासी ग्राम हरीनगर घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से बिना नम्बर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जावेद शातिर गौकश और थाना पुरकाजी का हिस्ट्रीशीटर अपराधी (एचएस नं. 23A) है, जिस पर गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा व थानाध्यक्ष जयवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
फरार साथी की तलाश में पुलिस का कॉम्बिंग अभियान जारी है।

