Anuj Tyagi


भौराकलां पुलिस की मुठभेड़ में ट्यूबवैल चोरी करने वाला शातिर अरशद बदमाश घायल, अवैध तमंचा व उपकरण बरामद

मुजफ्फरनगर, 07 अक्टूबर।
भौराकलां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और ट्यूबवैल से विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात थाना भौराकलां पुलिस कुरावा–जैतपुर मार्ग तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे तेजी से वापस मुड़कर भागने लगे। हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों में भागने लगे।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद पुत्र इश्तयाक निवासी नवाबगढ़ी, थाना सरधना (मेरठ) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी फिरोज पुत्र रियाजू निवासी मोहम्मद किला, सरधना (मेरठ) मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, चोरी करने के उपकरण (प्लास, पेचकस, चाबियां, रेती आदि) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरशद एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और बिजली उपकरण चोरी जैसे मामले शामिल हैं। पूछताछ में उसने बताया कि उसका गिरोह मुजफ्फरनगर और मेरठ के ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवैल से स्टार्टर, मोटर और केबल चोरी करता था।

इस मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सोम प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक सेंसर पाल मलिक, हेड कांस्टेबल अनीश और कांस्टेबल प्रवीण भाटी शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *