Ravikant Tyagi
केदारनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, बर्फ की चादर में लिपटीं वादियां
रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग स्थित पवित्र केदारनाथ धाम में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सीजन की पहली बर्फबारी हुई। कुछ ही देर में धाम और आसपास की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। अचानक हुई बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई और केदारपुरी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी। श्रद्धालुओं और यात्रियों ने इस बर्फबारी का आनंद लिया और बाबा केदार के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा।
मौसम विभाग ने पहले ही छह और सात अक्टूबर को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई थी, जो अब सच साबित हुई। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए रुद्रप्रयाग आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री साथ रखें।
बाबा केदार के कपाट आगामी 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। उससे पहले सीजन की यह पहली बर्फबारी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।

