मुजफ्फरनगर में RSS के 100 वर्ष पूर्ण होने पर पथ संचलन, मुस्लिम समुदाय ने पुष्पवर्षा कर दिया एकता का संदेश 🌸

अनुज त्यागी 8171660000

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मुजफ्फरनगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। इस अवसर पर हिंदुस्तानी पसमांदा मंच से जुड़े मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर एकता, सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत संदेश दिया।

इस कार्यक्रम का आयोजन हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें इंद्रेश कुमार और राष्ट्रीय संयोजक शमशाद मीर के दिशा-निर्देश शामिल रहे।

RSS कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित पथ संचलन किया। यात्रा के दौरान विभिन्न समुदायों के लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को एक गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद रिजवान अंसारी के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि “आज मुजफ्फरनगर ने फिर साबित किया है कि यहां की मिट्टी में प्रेम, सद्भाव और एकता की खुशबू रची-बसी है।”

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इदरीस खान, मौलाना सदरी आलम, कारी आस मोहम्मद, आमिर मिर्जा, रविश अंसारी, मोहम्मद साजिद, और मदरसा प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन सामाजिक समरसता और देश में अमन-चैन बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *