Anuj Tyagi
खालापार में संतोष मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निःशुल्क परामर्श शिविर
मुख्य अतिथि सुभाष चौहान ने फीता काटकर किया शुभारंभ, फर्जी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की घोषणा
मुज़फ्फरनगर। संतोष मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने आर.के. ट्रस्ट के सहयोग से खालापार स्थित मुश्ताक मंज़िल पर रविवार को निःशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन किया। शिविर का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नामित सदस्य स्वास्थ्य विभाग सुभाष चौहान ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर चौहान ने कहा कि निःशुल्क परामर्श शिविर समाज सेवा की दिशा में सराहनीय कदम है। ऐसे आयोजन गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए वरदान साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है और निजी संस्थाओं की इस तरह की पहल प्रशंसनीय है।

फर्जी अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सुभाष चौहान ने स्पष्ट किया कि जो अस्पताल वैध हैं और पूरी प्रामाणिकता के साथ सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। वहीं, मोहल्लों में बिना डिग्री चल रहे फर्जी अस्पतालों पर जल्द ही अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, खासकर वे जो अवैध रूप से डिलीवरी तक कर रहे हैं।
शिविर में दी गई विशेष सुविधाएं
संतोष हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि शिविर में सभी प्रकार की खून की जाँच और अल्ट्रासाउंड पर 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। सभी ऑपरेशनों पर 30% डिस्काउंट रहेगा और मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आर.के. ट्रस्ट के चेयरमैन हाजी सरफराज ने कहा कि यह शिविर समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी है। ऐसे आयोजनों से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होती हैं, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और सेवा की भावना भी मजबूत होती है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया परामर्श
शिविर में डॉ. यरमशेट्टी पल्लवी (जनरल सर्जन), डॉ. आज़म त्यागी (जनरल फिजिशियन), डॉ. अफजल (जनरल फिजिशियन) और डॉ. शफीक (जनरल फिजिशियन) ने मरीजों की जांच और परामर्श दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और इस पहल की सराहना की।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में संतोष हॉस्पिटल के एम.डी. डॉ. आदित्य चौहान, दवा व्यापारी नेता सचिन त्यागी, अरुण प्रताप सिंह, सतीश तायल (तायल मेडिकोज), अभिनव नागर, वार्ड-50 के सभासद अब्दुल सत्तार, मौलाना मोहम्मद रजी उर रहमान, मौलाना मोहम्मद अहमद (इमाम-खतीब मस्जिद गुलजार), यूनुस, फार्मासिस्ट विकास मोघा, अनुज (संतोष हॉस्पिटल), सागर सहित हॉस्पिटल व ट्रस्ट से जुड़े लोग तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

