बुढाना पुलिस ने 2 घंटे में किया लूट और हत्या के प्रयास के आरोपी असलम को गिरफ्तार, मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश
मुजफ्फरनगर, 3 अगस्त। बुढाना थाना क्षेत्र में लूट और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मात्र 2 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ी, एक तमंचा, कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल (UP15 ER 4759) बरामद की है। पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्रपाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक आनन्ददेव मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
घटना का विवरण
2 अगस्त को वादी महेशचंद जैन निवासी कस्बा बुढाना ने पुलिस को सूचना दी कि असलम पुत्र अशरफ निवासी सरधना, मेरठ ने हथियार लेकर उनके भाई ममलेश के घर में लूट का प्रयास किया और ममलेश को जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस पर पुलिस ने कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए।
रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पल्सर सवार को रुकने का इशारा किया, पर उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसल गई और वह जंगल की ओर भागते हुए फिर से फायरिंग करने लगा। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त की पहचान एवं आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम पुत्र अशरफ निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह महेशचंद जैन की दुकान पर करीब 10 वर्षों तक कार्य कर चुका था और आर्थिक तंगी के चलते उसने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं:
- मु0अ0सं0 320/25 धारा 309(6)/312/109(1)/331(4) बीएनएस थाना बुढाना।
- मु0अ0सं0 321/25 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/28 आयुध अधिनियम थाना बुढाना।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
- प्रभारी निरीक्षक आनन्द देव मिश्र
- उपनिरीक्षक संदीप कुमार, चरन सिंह, छविकांत सिंह, आशीष चौधरी
- हेड कांस्टेबल नीरज त्यागी, संजय कुमार, निर्वेश कुमार, हरीशपाल सिंह, गजेन्द्र सिंह
- कांस्टेबल नकुल सांगवान
पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी है और जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी प्रकार तत्पर रहने की बात कही है।

