मुजफ्फरनगर: नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर धारदार हथियारों से हमला, पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
रोहित त्त्यागी
मुजफ्फरनगर। जनपद के खालापार थाना क्षेत्र में मस्जिद से नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे एक युवक पर तीन लोगों द्वारा कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में सुफियान नाम का युवक घायल हो गया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

घायल के पिता मौहम्मद शाहिद के अनुसार, करीब आठ महीने पहले भी आरोपियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। उस समय समाज के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर समझौता करा दिया था। परिवार का आरोप है कि समझौता होने के बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और आरोपियों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार को सुफियान जब मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद बाहर निकल रहा था, तभी तीन लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सुफियान घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद घायल के परिजन खालापार थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से अपने बच्चों की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है। घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बाइट: मौहम्मद शाहिद (घायल सुफियान के पिता)
#Muzaffarnagar #UPNews #CrimeNews #UPPolice #RajsattaPost

