भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से की मुलाकात, मंडी कोतवाली लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग

लखनऊ,22 जुलाई।भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने मंडी कोतवाली, मुजफ्फरनगर में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाकियू (तोमर) के प्रतिनिधिमंडल ने करीब 15 मिनट तक उप मुख्यमंत्री से वार्ता कर घटना की विस्तार से जानकारी दी।

चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि 19 जून 2025 को मुजफ्फरनगर की मंडी कोतवाली पर किसान संगठन के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान मंडी कोतवाल दिनेश बघेल ने ताली बजाकर पुलिसकर्मियों को लाठीचार्ज का आदेश दिया। पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई किसान और महिला कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई फोटो और वीडियो वायरल हुए, जिसमें महिलाओं को घसीटते और उनके साथ अभद्रता करते हुए भी देखा गया।

उन्होंने कहा कि घटना को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह मौन है। भाकियू (तोमर) ने कोतवाल दिनेश बघेल, एसआई राजकुमार बालियान, एसआई जय प्रकाश, भास्कर, तेजबीर, धनेश, रजनीश शर्मा सहित लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।

इस पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संगठन को भरोसा दिलाया कि किसान और आमजन का शोषण प्रदेश सरकार में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कराई जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महबूब बालियान, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक तोमर, जिला महामंत्री सादिक, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी चौधरी, नाविश समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *