विधायक पंकज मलिक ने कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचकर शिव भक्तों की सेवा की, बांटा प्रसाद

 

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर कांवड़ यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागिता निभाते हुए उनकी हौसलाअफजाई की। चरथावल विधानसभा सीट से सपा विधायक पंकज मलिक आज शामली बस स्टैंड स्थित जय शिव शंकर सेवा समिति, प्रेमपुरी द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक ने शिव भक्त कांवड़ियों को हलवे का प्रसाद वितरित किया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा अनुभव, सुविधाओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। विधायक ने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, इस यात्रा में सेवा कर उन्हें आत्मिक शांति की अनुभूति होती है।

पंकज मलिक ने शिविर में मौजूद सेवा समिति के कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार समिति के कार्यकर्ता लगातार दिन-रात शिव भक्तों की सेवा कर रहे हैं, वह सराहनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है, प्रशासन और समाज को मिलकर इस महान सेवा कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।

 

इस दौरान निशांत मलिक, अमित कुमार, छोटू बालियान, अनुज त्यागी, गगन चौधरी, विकास बालियान, राहुल भारद्वाज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ियों की सेवा में योगदान दिया और उनके स्वास्थ्य व सुरक्षा की कामना की।

सेवा समिति के पदाधिकारियों ने विधायक पंकज मलिक का स्वागत करते हुए उन्हें कांवड़ सेवा में सहभागिता करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सेवा समिति द्वारा लगातार भोजन, फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिव भक्तों को कोई कठिनाई न हो।

कांवड़ यात्रा के दौरान नगर में श्रद्धा और सेवा का वातावरण बना हुआ है। विधायक पंकज मलिक का शिव भक्तों से संवाद और सेवा भाव क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *