क्राइम
क्राइम:कैसरबाग की रोशनी और आशिक उदित ने इश्क में उतारा 6 साल की मासूम को मौत के घाट, पति को फंसाने के लिए रची थी खौफनाक साजिश
लखनऊ।
इश्क में अंधी हुई मां रोशनी खान और उसके प्रेमी उदित ने 6 साल की मासूम सायनरा उर्फ सोना की जान सिर्फ इसलिए ले ली ताकि उसके पति शाहरुख को मर्डर केस में फंसाकर जेल भेज सकें और दोनों आराम से अपनी जिंदगी बिता सकें। पुलिस पूछताछ में इस हत्याकांड की परतें खुलने पर हर कोई दहल उठा।
पुलिस के मुताबिक, रोशनी अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी। इसके लिए उसने बेटी की हत्या कर आरोप शाहरुख पर मढ़ने की साजिश रची। रोशनी और उसका प्रेमी उदित मासूम सायनरा की लाश को कमरे में एसी के सामने रखकर पार्टी करते रहे, जबकि लाश धीरे-धीरे सड़ने लगी। बदबू छिपाने के लिए लाश पर परफ्यूम भी छिड़का, लेकिन सड़ांध बढ़ती रही। इसके बावजूद दोनों नशे में चूर होकर अपने गुनाह को छिपाने में लगे रहे।
मंगलवार तड़के पुलिस को कॉल कर पहले पति शाहरुख पर बेटी की हत्या का आरोप लगाने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस पूछताछ में उदित ने दबाव में सच उगल दिया। इसके बाद जब दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई, तब पूरा सच बाहर आया कि यह हत्या एक खौफनाक साजिश का हिस्सा थी, जिसे रोशनी और उसके प्रेमी ने इश्क में अंधे होकर अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने रोशनी खान और उदित को गिरफ्तार कर लिया है, और आगे की कार्रवाई जारी है।

