सड़क की खस्ताहाली से ग्रामीण परेशान, ग्राम प्रधान की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

🎥 “गांव कुटेसरा की टूटी सड़क बनी नरक, प्रधान की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा!”

मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के ग्राम कुटेसरा में जामा मस्जिद के पीछे जाने वाली सड़क की हालत कई वर्षों से बेहद खराब बनी हुई है। जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से सड़क पर हमेशा जलभराव और कीचड़ जमा रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क और जलभराव के चलते स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों को आए दिन गिरने और कपड़े खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय किसानों ने बताया कि खराब सड़क के कारण खेतों तक पहुंचने और उपज लाने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने अनेकों बार इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्राम प्रधान ने सड़क की मरम्मत व जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों में ग्राम प्रधान की लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के उच्चाधिकारियों से भी शिकायत करेंगे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। गांव के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर ग्राम प्रधान की लापरवाही ने ग्रामीणों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर कर दिया है, जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *