आजमगढ़। बरदह थाना के बर्रा गांव में तीन दिन पहले शादी में डीजे पर गाना बदलने को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार की रात हिंसक रूप ले लिया। विवाद सलटाने पहुंची पुलिस टीम पर एक पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे हमला कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन सहित दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में थाना प्रभारी राजीव सिंह सहित पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को शहर से लाइफलाईन अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि इस मामले 34 नामजद और 25 अज्ञात कुल 49 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अबतक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बर्रा गांव में पांच जून को रामआश्रय की पुत्री की शादी थी, डीजे पर गाना बदलने को लेकर गांव के ही रामू और तीरथ में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीरथ के भाई मूरत, सूरत भी पहुंच गए। गांव के लोगों बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। बरात विदा होने के बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत कर सुलह समझौता हो गया।
शुक्रवार की देर शाम बाजार से रामू अपने भाई सोनू और बहनोई सूर्यभान राजभर के साथ इनोवा कार से घर लौट रहा था। घर के पास मनकू, तीरथ, मूरत, सूरत, सूरज और महिलाओं ने गाड़ी को रोक उसका शीशा फोड़ दिया। रामू ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची 112 पुलिस वैन को भी उन लोगों ने बंधक बना लिया। 112 की पुलिस ने मामले की जानकारी बरदह थाना और वरीय अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच 112 की गाड़ी को छुड़ाते हुए वहां से भेज दिया। यह देख लोग आक्रोशित हो गए और ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। लाठी डंडा लेकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। लोगों पुलिस के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना में थाना प्रभारी राजीव सिंह सहित पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस टीम पर हमला की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ एसएसपी, एएसपी सिटी मधुवन सिंह, सीओ भूपेश पांडेय मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने चारों पुलिस कर्मी इलाज के बाद छोड़ दिया। वहीं थाना प्रभारी की गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया। इस दौरान 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।

इन लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में फूलचन्द, सर्वेश, लकी, गौतम, आकाश, सिंकू, विपिन, चन्द्रेश, रीतिक, राकेश, विशाल, मनोज, शर्मिला, शिवमूरत, संगम, मनकू और ऋषभ को गिरफ्तार किया है।