देहरादून। चमोली जिले के थराली में निर्माणाधीन पुल के क्षतिग्रस्त होने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने लोक निर्माण विभाग के तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया है।
सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडेय ने अधिशासी अभियंता थराली दिनेश मोहन गुप्ता, अधिशासी अभियंता कर्णप्रयाग, नवीन लाल और सहायक अभियंता थराली, आकाश हुड़िया को निलंबित करने के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
विकासखंड थराली के रतगांव की चार हजार से अधिक जनसंख्या को जोडऩे के लिए प्राणमति नदी में लोनिवि द्वारा बनाया जा रहा 60 मीटर लंबा वैली ब्रिज गत बुधवार को क्षतिग्रस्त हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए इस पर तीनों अभियंताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए और प्रशासन में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के साथ ही अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

‘प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी स्वयं अपने कर्तव्य और उत्तरदायित्वों के प्रति जिम्मेदारी की भावना से कार्य करे। कोई भी कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतता है अथवा भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।’ -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed