नई बाजार (गोरखपुर)। झंगहा के नदुआज्ञानपार गांव स्थित काली टोला निवासी 22 वर्षीय धीरज निषाद उर्फ विधायक की बुधवार देर रात हत्या कर दी गई। मृतक को घर से बुलाकर बाइक सवार युवक नई बाजार-बोहाबार मार्ग पर ले गए, जहां पोछियहवां बीस नंबर बोरिंग के पास सड़क किनारे लाठी, डंडे और लोहे की राड से पीट-पीट कर उसकी जान ले ली गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
मृतक के भाई सूरज और बहन संध्या ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात धीरज को कुछ युवक घर से बुलाकर बाइक पर साथ ले गए। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए। रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे किसी युवक की लाश पड़ी है। जब वह लोग पहुंचे तो धीरज खून से लथपथ मृत मिला।
उसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। परिवार के लोगों ने मिश्रौलिया गांव के युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों से धीरज की पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद में वारदात हुई है। गांव के लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है।
घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। हत्या में प्रयुक्त हथियारों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर हर पहलू की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि घटना गंभीर है। जिन पर आरोप है उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed