नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग लखनऊ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटे में प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके बाद फुरसतगंज और वाराणसी BHU में 43.4 डिग्री, जबकि हमीरपुर में 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सबसे न्यूनतम तापमान मेरठ का रहा
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो मेरठ सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। आगरा में न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 22.1, एटा में 22.3 और नजीबाबाद में 22.5 डिग्री रहा।
राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया है, जिससे लू चलने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खासकर दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, 22 और 23 अप्रैल को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर लू चल सकती है। वहीं कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है।
| जिले का नाम | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|
| प्रयागराज | 44.3 |
| कानपुर | 44.0 |
| फुर्सतगंज | 43.4 |
| हमीरपुर | 43.2 |
| मुजफ्फरनगर | 38.2 |
| मेरठ | 39.1 |
| मुरादाबाद | 39.0 |
| बुलंदशहर | 42.0 |
| बरेली | 39.4 |
| अलीगढ़ | 41.4 |
| आगरा | 42.5 |
| फतेहगढ़ | 40.0 |
| शाहजहांपुर | 39.1 |
| लखीमपुर खिरी | 35.0 |
| हरदोई | 39.5 |
| इटावा | 40.0 |
| लखनऊ | 41.4 |
| बाराबंकी | 39.2 |
| अयोध्या | 41.0 |
| कानपुर नगर | 41.6 |
| कानपुर IAF | 44.0 |
| उरई | 41.4 |
| झांसी | 43.1 |
| बांदा | 42.4 |
| वाराणसी एयरपोर्ट | 42.1 |
| वाराणसी BHU | 43.4 |
| चुर्क | 42.8 |
| गाजीपुर | 42.0 |
| बलिया | 41.0 |
| गोरखपुर | 39.7 |
| बस्ती | 39.0 |
| बहराइच | 39.4 |
| नाजिबाबाद | 35.5 |

