मुजफ्फरनगर। तेज गर्मी झेलने के लिए तैयार हो जाइए, क्योंकि इस बार अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में हीट वेव के लिए भी अलर्ट किया जा रहा है। इसको लेकर जिला चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पहले से ही सतर्क हो गया है। जिला चिकित्सालय समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी तैयारी कर ली गई है। कोल्ड रूम समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई है
अप्रैल माह और गर्मी की दस्तक के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सात अप्रैल यानी सोमवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक अप्रैल को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सात दिनों के भीतर चार डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान बढ़ा है।

लू के थपेड़े झुलसाएंगे

चिकित्सकों और मौसम विभाग का मानना है कि इस बार अधिक गर्मी हो सकती है। लू के थपेड़े लोगों को झुलसाएंगे। ऐसे में सुबह के समय ही बाहर निकले, दोपहर के समय बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। उधर, स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हीट वेव को लेकर कोल्ड रूम बनाए गए है।

जिला अस्पताल में 10 बेड और सीएचसी पर चार-चार बेड वाले कोल्ड रूम बनाए गए। इनमें एसी, कूलर और पंखे के अलावा जिंक व ओआरएस कार्नर स्थापित किया गया है। आइस पैक की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील तेवतिया ने बताया कि जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड को कोल्ड रूम बनाया गया।
इस वार्ड में एयर कंडीशनर की व्यवस्था है। फिलहाल सामान्य मरीज इसमें भर्ती किए जा रहे है, लेकिन जैसे ही हीट वेव से जुड़े मरीज आएंगे, इसे खाली करा दिया जाएगा। इस वार्ड में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हीट वेव को लेकर शासन से निर्देश मिल चुके हैं।
इसी के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर किसी मरीज के शरीर का तापमान 104 डिग्री से अधिक रहा तो उसे आइस पैक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही कोल्ड रूम में संबंधित दवाओं का भंडारण किया जाएगा। विभाग की ओर से सभी तैयारियों कर ली गई है।

पिछले सात दिन में इस तरह बढ़ा तापमान

तिथि अधिकतम न्यूनतम
7 अप्रैल 36.6 19.6
6 अप्रैल 35.0 18.6
5 अप्रैल 35.4 17.0
4 अप्रैल 35.6 16.0
3 अप्रैल 35.8 14.6
2 अप्रैल 33.5 16.9
1 अप्रैल 32.0 16.0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *