हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक समय था जब टमाटर के दाम सातवें आसमान पर थे और लोग सिर्फ नाम के लिए टमाटर खरीद रहे थे। मगर, मौजूदा समय में टमाटर के भाव इतने गिर गए हैं कि फसल की लागत तक नहीं निकल पा रही है। कुसमरा गांव से बाजार में टमाटर बेचने आए किसान ने जब दो से तीन रुपये प्रति किलो भाव होने की बात सुनी तो वह पांच क्विंटल टमाटर गोवंशियों के सामने फेंककर चला गया।
टमाटर को गोवंशी तो खा ही रहे थे, साथ ही कुछ लोग ले जाते भी दिखे। टमाटर की पैदावार अधिक होने के साथ ही बढ़ते तापमान में अधिक दिन सुरक्षित नहीं रह पाने के चलते टमाटर के भाव जमीन पर हैं। यहां सुभाष बाजार में साप्ताहिक बाजार लगती है। मंगलवार को कुरारा ब्लाक के कुसमरा गांव निवासी किसान राजकुमार भी करीब पांच क्विंटल टमाटर लेकर बाजार पहुंचे थे। यहां जब उसके टमाटर की बोली लगी तो उसे उचित दाम समझ में नहीं आया।
एक क्रेट टमाटर की 20 से 25 रुपये बोली लगाई गई। यह सुनकर वह हैरान रह गया और गुस्से में आकर उसने बाजार में घूम रहे गोवंशियों के सामने सारे टमाटर फेंक दिया। जिस हिसाब से टमाटर की बोली लगी उस हिसाब से टमाटर दो से तीन रुपये प्रति किलो पड़ रहा था।
एक क्रेट टमाटर की 20 से 25 रुपये बोली लगाई गई। यह सुनकर वह हैरान रह गया और गुस्से में आकर उसने बाजार में घूम रहे गोवंशियों के सामने सारे टमाटर फेंक दिया। जिस हिसाब से टमाटर की बोली लगी उस हिसाब से टमाटर दो से तीन रुपये प्रति किलो पड़ रहा था।
किसान ने बताया कि एक क्रेट टमाटर 20 से 25 रुपये बिक रहा है। एक क्रेट लाने का किराया 30 रुपये पड़ा है। जबकि फुटकर का भाव 10 रुपये किलो चल रहा है। ऐसे नुकसान से अच्छा है कि जानवर ही इसे खा लें तो उनका पेट भरेगा। उधर, गोवंशियों के सामने पड़े टमाटरों को देख कई लोग लालच में आ गए और उन्हें झोले व बोरी में भरकर घर ले गए।

