देहरादून। राज्य में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली, एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा होने की संभावना है। तीन तीन जनपदों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
2800 मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हिमपात हो सकता है। इस दौरान रुद्रप्रयाग, टिहरी और देहरादून जनपदों में कहीं-कहीं बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सोमवार को दोपहर बाद देहरादून में आसमान पर बादल छाये रहे।
उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं होगी वर्षा
इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
- पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
- मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 19.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
- टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
2800 मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हिमपात होने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को तीन जनपदों में वर्षा होने और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। पांच मार्च से राज्य का मौसम खुलने और शुष्क रहने की संभावना है।

