शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही। हालांकि, कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराते रहे। साथ ही सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन महसूस की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में बीते रोज हुई बर्फबारी के कारण कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिन्हें शुक्रवार को को सुचारू कर दिया गया। जबकि, कुछ ग्रामीण क्षेत्रों के पैदल मार्ग अब भी बर्फ के कारण ठप हैं।
बर्फ गिरने से कड़ाके की ठंडक का अहसास
पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी के कारण पारे में गिरावट से फिर से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से दिन में राहत है, लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। दून में धूप खिलने के साथ आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं।
मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने से लेकर आंशिक बादल छाने की आशंका है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 24.7, 10.4
- ऊधमसिंह नगर, 28.0, 9.2
- मुक्तेश्वर, 13.5, 0.4
- नई टिहरी, 13.8, 1.6
नैनीताल में रात में बरसे ओले
सरोवर नगरी नैनीताल में गुरुवार की देर रात ओलावृष्टि हुई। जिस कारण शुक्रवार को तापमान में गिरावट रही और ठंड महसूस हुई। नगर में आज सुबह धूप खिली हुई थी, लेकिन दिन चढ़ने के बाद बादलों का उमड़ना शुरू हो गया और पूरे दिन धूप छांव का खेल चलता रहा। इस बीच सर्द हवाएं भी कई बार चली । जिस कारण ठंड महसूस हुई। देर शाम तक मौसम का मिजाज सर्द बना रहा। शाम ढलने के बाद ठंड में अधिक बढ़ोतरी हो गई और लोग हीटर व आग का सहारा लेने के लिए मजबूर हुए।
आज से मौसम में सुधार का अनुमान
राज्य मौसम विभाग देहरादून के मौसम विज्ञानी डॉक्टर रोहित थपलियाल ने बताया कि शनिवार से मौसम में सुधार आ जाएगा। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 55 प्रतिशत रही।

