चंडीगढ़। सोनीपत में नौकरी करने वाली दिल्ली की महिला द्वारा कसौली में लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों पर हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने चुप्पी तोड़ी है। बडौली ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।

दुष्कर्म के आरोपों के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद की नियुक्ति लटकी

अनिल विज द्वारा इस्तीफा मांगने से जुड़े सवाल पर बडौली ने कहा कि इस बारे में तो विज ही जवाब दे सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने पहले मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक में भागीदारी की। उसके बाद पंचकूला में आयोजित भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल हुए।

हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित कसौली में मोहन लाल बडौली के विरुद्ध दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज हो रखी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद बडौली की प्रदेश अध्यक्ष के पद पर दोबारा नियुक्ति लटक गई है।

भाजपा हाईकमान उन्हें दोबारा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए तैयार था, लेकिन दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद बडौली के विरोधियों ने हाईकमान के समक्ष उन्हें दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद उनकी नियुक्ति को फिलहाल टाल दिया गया है।

अनिल विज को लेकर क्या बोले बडौली?

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज इस्तीफे की मांग किए जाने पर बड़ौली ने कहा कि इस बारे में मैं क्या जवाब दूं। अनिल विज हमारे वरिष्ठ मंत्री हैं। उन्हीं से पूछिए।

बता दें कि हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और राकी मित्तल के खिलाफ 13 दिसंबर 2024 को हिमाचल के कसौली थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें महिला ने तीन जुलाई 2023 को कसौली के होटल में उसे जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

हिमाचल पुलिस इस बारे में अदालत में स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल कर चुकी है। अभी तक बडौली को इस केस में क्लीन चिट नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *