देहरादून। प्रेमनगर में एक 23 वर्षीय युवती ने पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि युवती ने यूपीएससी में असफल होने के कारण यह कदम उठाया है। इसी कारण वह कुछ समय से तनाव में भी चल रही थी। खुदकुशी से पहले उसने अपनी चचेरी बहन को मैसेज भी भेजा कि ”ओके बाय मैं जा रही हूं, लव यू बाय।”
सूचना पाकर मौके पर पुहंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा लिया है। प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह प्रेम नगर विंग-2 में एक युवती की ओर से खुदकुशी करने की सूचना मिली थी।

ब‍िस्‍तर पर बेसुध होकर पड़ी थी युवती

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा क‍ि युवती बिस्तर पर बेसुध होकर पड़ी थी। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि अंशिका ने सुबह करीब चार बजे चुन्नी के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या की है।

सुबह उठकर चाय पी थी युवती

स्वजनों ने पुल‍िस को बताया क‍ि वह सुबह चार बजे से पहले उठ गई थी। उसने अपने लिए चाय बनाई और आधी कप ही पी थी। इस दौरान उसने अपनी चचेरी बहन को मैसेज किया ”ओके बाय मैं जा रही हूं, लव यू बाय” और बाद में खुदकुशी कर दी। स्वजन उसे उठाने पहुंचे तो देखा कि वह पंखे से लटक रही थी।

UPSC की परीक्षा की कर रही थी तैयारी

थानाध्यक्ष ने बताया क‍ि छात्रा दिल्ली में रहकर यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। असफलता के कारण वो कुछ समय से तनाव में भी थी। उसका इलाज भी चल रहा था। इसी कारण वह इन दिनों घर पर ही रह रह थी। युवती के शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस और फॉरेंसिक की टीम जांच कर रही है।

भाई के आने का इंतजार कर रहे परि‍वार वाले

आपको बता दें क‍ि युवती का भाई दुबई में नौकरी करता है, स्वजन उसके आने के इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवती की मौत से पर‍िजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मौके पर र‍िश्‍तेदार भी पहुंच गए हैं। जो पर‍िवार वालों को सांत्‍वना दे रहे हैं। वहीं पुल‍िस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *