लखनऊ और गाजीपुर में हुई अलग-अलग मुठभेड़ में दो आरोपी ढेर हो गए हैं। पहली मुठभेड़ लखनऊ के किसान पथ पर सोबिंद कुमार से हुई थी, जिसमें वो ढेर हो गया। जबकि दूसरा बदमाश और 25 हजार का इनामी सन्नी दयाल गाजीपुर में मारा गया है। सोमवार की देर रात गाजीपुर में यूपी-बिहार बॉर्डर पर यह मुठभेड़ हुई। बदमाश सन्नी दयाल गाजीपुर में बिहार बॉर्डर पर मुठभेड़ में ढेर हुआ है। गहमर थाना इलाके की बारा पुलिस चौकी के पास यह मुठभेड़ हुई। बैंक चोरी के मामले में शामिल सन्नी दयाल की मौत की पुष्टि गाजीपुर के एसपी इरज राजा ने कर दी है।


सात आरोपियों में से दो मुठभेड़ में ढेर, तीन गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया था। बिहार के कैलाश, अरविंद और बलराम को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एनकाउंटर में सोबिंद और सन्नी मारे गए। अब भी दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इनमें लखनऊ निवासी विपिन वर्मा और बिहार के लखीसराय जिले के मिथुन का नाम सामने आया है। पुलिस का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश जारी है। लखनऊ और बिहार के कई इलाकों में दबिश दी जा रही है। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने कहा कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

