कानपुर। केडीए के दस्ते ने गंगागंज पनकी और शताब्दी नगर में भूखंड और सड़क पर बने अवैध कब्जे गिरा दिए। इस दौरान दस्ते ने 27 अवैध निर्माण गिराए और भूखंड की जगह में लगे पेड़ काटे। अपनी जगह बताकर कुछ लोगों ने विरोध किया और हरे पेड़ काटे जाने पर भी हंगामा किया।
केडीए के अफसरों ने बताया कि वन विभाग की स्वीकृति है। वहीं, चेतावनी दी है कि एक बार कब्जा हटाने के बाद फिर से कब्जा करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।  उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के आदेश पर विशेष कार्याधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह की अगुवाई में सहायक अभियंता नितिन भारद्वाज व सुधांशु श्रीवास्तव और अवर अभियंता सीबी पांडेय के साथ गंगागंज पनकी में 24 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ एक किलोमीटर तक अवैध कब्जे को गिरा दिया।

सड़क के दोनों ओर गिराए गए अवैध कब्जे

इसके अलावा शताब्दी नगर कांशीराम चौराहा से कैम्ब्रिज चौराहे तक 45 मीटर चौड़ी सड़क पर एक किलोमीटर तक दोनों तरफ अवैध कब्जे भी गिरा दिए। वहीं, विनय गर्ग ने दावा किया है कि गंगागंज पनकी में आराजी संख्या 988 में उनकी जमीन पर केडीए ने कब्जा करके सौ साल पुराने लगे तीन पेड़ काट दिए।

न्यायालय में मामला भी चल रहा है। इसकी शिकायत वन विभाग और पुलिस से की है। इस बाबत विशेष कार्याधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 89 में किसानों से जमीन खरीदी गई है। उनको मुआवजा दिया है। जमीन पर 33 पेड़ लगे थे। पहले 26 पेड़ हटाए जा चुके हैं।

मूल आवंटियों को दिया गया कब्जा

सोमवार को तीन पेड़ काटे गए हैं। इसकी वन विभाग से स्वीकृति है। पेड़ भूखंड पर लगे थे। मूल आवंटियों को कब्जा दिया जाएगा। बाकी पेड़ भी काटे जाएंगे। इसके एवज में केडीए पहले ही 1.10 लाख पौधे लगा रहा है। फिर से कब्जा करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

राज्य कर विभाग में किए गए तबादले

राज्य कर विभाग में सोमवार को तबादले हुए। अपर आयुक्त ग्रेड दो अयोध्या में तैनात राम सनेही विद्यार्थी को अपर आयुक्त ग्रेड वन बनाया गया है। गाजियाबाद से संयुक्त आयुक्त कुमार आनंद को एसआइबी में अपर आयुक्त ग्रेड दो, आगरा से सर्वजीत को अपर आयुक्त ग्रेड दो, हरदोई से सुशील कुमार गौतम द्वितीय को संयुक्त आयुक्त, प्रयागराज से संयुक्त आयुक्त अशोक कुमार सिंह को, प्रशिक्षण संस्थान से संयुक्त आयुक्त अनूप कुमार प्रधान को कानपुर भेजा गया है।

संयुक्त आयुक्त अरुण शंकर राय को अपर आयुक्त अपील बनाया गया है। संयुक्त आयुक्त अमित मोहन को अपर आयुक्त अयोध्या, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार मिश्रा अपर आयुक्त लखनऊ, संयुक्त आयुक्त मुकेश चंद्र पांडेय को लखनऊ, संयुक्त आयुक्त शैलेश कुमार को रेंज सी से कारपोरेट में भेजा गया है। संयुक्त आयुक्त रणकेंद्र को कानपुर में कारपोरेट से एसआइबी रेंज सी भेजा गया है। अलीगढ़ से रीणु कुमार को एसआइबी रेंज सी भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *