देहरादून,सोमवार 18 जून:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी से पीएम-किसान योजना की 17वीं किस्त जारी कर पूरे भारत के ₹9.26 करोड़ से अधिक किसानों को ₹20,000 करोड़ से अधिक का लाभ दिया। इस कार्यक्रम में नैनीताल क्लब सभागार से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। 17वीं किस्त में उत्तराखण्ड के 771567 किसानों को ₹166.08 करोड़ की धनराशि उनके खाते में हस्तांतरित की जाएगी।

राज्य में वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक कुल ₹ 2579.16 करोड़ की धनराशि वितरीत की जा चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री का पहला निर्णय किसान के हितों के लिए लिया गया। पीएम-किसान योजना से किसानों की आय दुगुनी हो रही है और नई तकनीक से छोटे छोटे किसानों को भी लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोटे अनाज का उत्पादन और खेती को बढ़ावा देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। कृषि में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से किसानों को बेहतर लाभ मिल रहा है। जिससे कृषि के साथ लोगों को विभिन्न रोजगार आदि भी मिल रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा कृषि उत्पादों से संबंधित लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर उत्पादों की भी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने कृषकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मनित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed