मुजफ्फरनगर: ‘कानून को हाथ में न लें अधिकारी, जनता सब जानती है’, हाउस अरेस्ट किए जाने पर भड़के सपा सांसद हरेंद्र मलिक

—जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे सांसद, आवास पर पुलिस बल तैनात

मुजफ्फरनगर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र मलिक को मुजफ्फरनगर में पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया। सांसद को प्रदर्शन में जाने से रोकने के लिए उनके आवास पर पुलिस बल तैनात किया गया। इस कार्रवाई को लेकर सांसद हरेंद्र मलिक ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और कहा कि अधिकारी कानून को अपने हाथ में न लें, जनता सब जानती है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सांसद हरेंद्र मलिक को रवाना होना था। इससे पहले ही पुलिस ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें रोकने की कार्रवाई की। इस दौरान सीओ सदर सुनील कुमार, सीओ मंडी राजू कुमार साव, कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा और चौकी इंचार्ज मिलन चौधरी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

तेरहवीं के कार्यक्रम में जाने के लिए रवाना हुए सांसद

पुलिस की तैनाती के बीच सांसद हरेंद्र मलिक तेरहवीं के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। उनके साथ सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स को भी निगरानी के लिए भेजा गया। इस घटनाक्रम के बाद सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस की कार्रवाई और अधिकारियों की भूमिका पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘जब-जब सरकार का जुल्म बढ़ता है, तब-तब जनता जागरूक होती है’

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि यह मामला कल रात से ही चल रहा है और सभी के सामने है। उन्होंने बताया कि उन्हें सामाजिक कार्यों के सिलसिले में बड़ौत भी जाना है। उन्होंने कहा कि वह वहां जाने के मामले को भी देखेंगे।

सांसद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब सरकार का जुल्म बढ़ता है, तब-तब जनता जागरूक होती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार सरकार जा रही है। उनके इस बयान को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर सरकार पर किए गए हमले के रूप में देखा जा रहा है।

अधिकारियों को दी कानून के दायरे में रहने की नसीहत

हाउस अरेस्ट किए जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए हरेंद्र मलिक ने अधिकारियों से कहा कि वे कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि कल सरकार बदलेगी और राजनीतिक व्यक्ति की याददाश्त बहुत तेज होती है। सांसद ने कहा कि सभी को उनके कृत्यों के अनुसार पारितोषिक मिलेगा। जो अच्छा काम करेगा, उसे अच्छा और जो बुरा करेगा, उसे बुरा परिणाम मिलेगा।

उन्होंने देश के मौजूदा माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस समय मुल्क में अघोषित आपातकाल जैसा माहौल है।

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे सपा सांसद हरेंद्र मलिक को मुजफ्फरनगर में रोके जाने का मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को कानून के दायरे में रहकर काम करने की नसीहत दी है।

बाइट: हरेंद्र मलिक, सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव, समाजवादी पार्टी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed