भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपना बड़ा भाई बताया है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वह उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित अपने लेख में तोबगे ने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और पड़ोसी देशों के साथ उसके संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत जितना मजबूत होगा, उतना ही वह अपने पड़ोसियों और दुनिया के लिए योगदान कर सकेगा। उनके मुताबिक विकसित भारत का अर्थ बड़ा बाजार, अधिक पूंजी और बेहतर तकनीक तक पहुंच भी है।
तोबगे ने 2019 में पीएम मोदी से हुई अपनी मुलाकात और 14 मार्च 2024 को दिल्ली में हुई अगली मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब पांच साल पहले उन्होंने नरेंद्र मोदी से कहा था कि वह उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं। बाद में उन्होंने इस विचार पर दोबारा गौर किया और अपने आकलन को सही बताया।
भूटान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी की तुलना भगवान विष्णु के कल्कि अवतार से करते हुए कहा कि यह अवतार अव्यवस्था को समाप्त करने, धर्म की स्थापना और नई शुरुआत से जुड़ा माना जाता है। यह तोबगे की व्यक्तिगत टिप्पणी है।
भारत-भूटान संबंधों पर भी तोबगे ने प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका की तारीफ की। उन्होंने बताया कि जून 2014 में प्रधानमंत्री बनने के कुछ समय बाद नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भूटान को चुना था। उस यात्रा के दौरान भारत-भूटान रिश्तों को ‘B4B’ यानी ‘भारत फॉर भूटान’ के रूप में बताया गया था।
तोबगे ने कहा कि यह शब्द भले ही सरल हो, लेकिन दोनों देशों के रिश्तों में इसका महत्व काफी गहरा है। उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने और अफ्रीकी यूनियन को G20 में स्थायी सदस्यता दिलाने सहित पीएम मोदी की वैश्विक भूमिका की भी सराहना की।
#RajsattaPost #NarendraModi #TsheringTobgay #Bhutan #IndiaBhutan

