मुजफ्फरनगर में पेपर मिल में दर्दनाक हादसा, सात बहनों के इकलौते भाई की मौत; ग्रामीणों ने किया हंगामा
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हादसा हो गया। पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से निराना निवासी गुल सनव्वर पुत्र रहसूद्दीन की मौत हो गई। गुल सनव्वर सात बहनों का इकलौता भाई था।
बताया गया कि गुल सनव्वर और उसके पिता करीब डेढ़ महीने पहले ही कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में काम करने लगे थे। परिजनों के अनुसार, सनव्वर दिन की ड्यूटी पूरी करने के बाद ओवरटाइम के चलते फैक्ट्री में रुका हुआ था। इसी दौरान देर रात करीब 3 बजे पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में पहुंच गए। ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सिखेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को संभाला। ग्रामीणों का विरोध सुबह तक जारी रहा।
गुल सनव्वर अपने परिवार में सात बहनों का इकलौता भाई था। पिता के साथ करीब डेढ़ महीने पहले ही फैक्ट्री में काम शुरू करने वाले सनव्वर की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सिखेड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
#RajsattaPost #Muzaffarnagar #CrimeNews #UPNews #Sikheda

