मुजफ्फरनगर: डंपर से टकराई स्कॉर्पियो, चार लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर के नई मंडी निवासी आदेश के मौसा लक्सर निवासी राधेश्याम का सोमवार को 75वां जन्मदिन मनाया गया था। जन्मदिन कार्यक्रम के बाद आदेश अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ स्कॉर्पियो से रात करीब 11 बजे लक्सर से वापस लौट रहे थे।
पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला के पास पहुंचने पर उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी पहुंचाया।
पीएचसी में डॉक्टरों ने आदेश (49), निशा (38), उनकी बेटी श्रद्धा (10) और राखी (35) को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल आदेश की पत्नी रूबी और परिवार की सदस्य कुसुम को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बचाव कार्य कराया गया। घायलों को रेफर किया गया है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
#RajsattaPost #Muzaffarnagar #Purqazi #RoadAccident #UPNews

