ममता त्यागी बनीं राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर में संगठन विस्तार कार्यक्रम, महिलाओं और बेटियों के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का संकल्प
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा की ओर से मुजफ्फरनगर में संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने ममता त्यागी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि समाज में महिलाओं और बेटियों से जुड़े विषयों पर मातृशक्ति की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिला मोर्चे के माध्यम से महिलाओं तक पहुंच बढ़ाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ममता त्यागी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह महिलाओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करेंगी।
नवनियुक्त महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता त्यागी ने जिम्मेदारी मिलने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह मिली जिम्मेदारी और सम्मान की हमेशा लाज रखेंगी। उन्होंने समाज की बेटियों और महिलाओं से जुड़े मामलों में मजबूती से आवाज उठाने तथा जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचने की बात कही।
ममता त्यागी ने कहा कि वह उन परिवारों और बेटियों से मिलने का प्रयास करेंगी, जो पारिवारिक परिस्थितियों के कारण परेशान हैं। उनकी समस्याओं को समझकर जहां संभव होगा, परिवारों को जोड़ने और घर बसाने के लिए भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने और महिलाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प जताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू त्यागी ने ममता त्यागी को महिला मोर्चे की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ संगठन और समाज को मिलेगा। उन्होंने महिला मोर्चे को मजबूत बनाने में हरसंभव सहयोग की बात कही।
काला त्यागी प्रधान ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने ममता त्यागी के नेतृत्व में महिला मोर्चे के विस्तार और सामाजिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिओम त्यागी ने भी ममता त्यागी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाने में महिला मोर्चे की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम में सोनू त्यागी, काला त्यागी प्रधान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिओम त्यागी, त्यागी सभा भवन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश त्यागी, राहुल, मोना त्यागी, नीलम, ललित त्यागी, प्रियंका, सोनिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

