बुढ़ाना में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस ने रौंदी दो बाइकें, मासूम समेत पांच की मौत

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

भैसाना गांव में प्राइमरी स्कूल के पास हुआ हादसा, दो बसों में सवारियां लेने की होड़ में ओवरटेक बना काल; मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सवारियां उठाने की होड़ और ओवरटेक के दौरान एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर दो बाइकों से जा टकराई। भैसाना गांव में प्राइमरी स्कूल के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बताया गया कि बड़ौत डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी-17 एटी-9165 बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो रोडवेज बसों के बीच सवारियां बैठाने और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ चल रही थी। इसी दौरान भैसाना गांव के पास मोड़ पर बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया और बस सामने से आ रही बाइकों की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में मोमीन (22) पुत्र मंजूरा निवासी राजपुर गढ़ी, मुजफ्फरनगर, सुहाना उर्फ अल्लो (3) पुत्री फरमान, फरमान (25) पुत्र उमरदीन निवासी तमेला गढ़ी, बागपत तथा इदरीश (45) पुत्र कपुरा और साजिद (24) पुत्र समयदीन निवासी मोहल्ला खैल, कांधला, शामली की मौत हुई।

बताया गया कि इदरीश और साजिद चचेरे भाई थे और मुजफ्फरनगर से काम निपटाकर बाइक से कांधला लौट रहे थे। वहीं फरमान अपनी तीन वर्षीय बेटी सुहाना और जीजा मोमीन के साथ बाइक से खरीदारी कर तमेला गढ़ी लौट रहा था। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात अक्षय संजय महादिक और सीओ गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया।

एसएसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ओवरटेक और लापरवाही हादसे की वजह सामने आ रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के स्वजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *