तितावी क्षेत्र के गढ़ी देशराज के जंगल में तेंदुआ दिखने की सूचना, ग्रामीणों में दहशत
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी देशराज के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश कराने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
गढ़ी देशराज निवासी शुभम ने बताया कि वह काजीखेड़ा-मांडी रोड से कार में कुछ मिस्त्रियों को लेकर गांव की ओर जा रहा था। श्मशान घाट से पहले गढ़ी देशराज की ओर से नरोत्तमपुर माजरा की तरफ सड़क पार करते हुए उसे एक तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक तेंदुआ सामने आने से कार सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुभम ने तेंदुए की फोटो भी खींच ली और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
मामले की सूचना बघरा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रवीन सैनी को दी गई। उन्होंने वन विभाग को तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी दे दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

