शत्रु संपत्ति की जमीन पर मंदिर निर्माण की अनुमति की मांग, राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने सीएम और डीएम को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कथित शत्रु संपत्ति की जमीन को लेकर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने प्रशासन के समक्ष मंदिर निर्माण की अनुमति देने की मांग उठाई है। संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शत्रु संपत्ति अभिरक्षक विभाग गृह मंत्रालय तथा कस्टोडियन के रूप में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को ज्ञापन भेजकर रेलवे स्टेशन के सामने मस्जिद के बराबर में खाली पड़ी करीब 400 वर्ग गज जमीन पर मंदिर निर्माण की अनुमति देने की मांग की है।

संगठन का दावा है कि रेलवे स्टेशन के सामने खसरा नंबर 930 की जमीन सरकारी अभिलेखों में शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज है। संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि उक्त संपत्ति के एक हिस्से पर मस्जिद सहित अन्य निर्माण किए गए हैं और वहां दुकानें संचालित होने के साथ किराया वसूले जाने की भी बात सामने आती रही है। संगठन ने प्रशासन से इस पूरी संपत्ति की स्थिति स्पष्ट करने और सरकारी अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है।

राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन का कहना है कि यदि उक्त भूमि वास्तव में शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज है तो उसकी नियमानुसार जांच कराकर सरकारी नियंत्रण में लिया जाना चाहिए। संगठन ने आरोप लगाया कि लंबे समय से मांग किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से इस संबंध में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

मस्जिद के बराबर खाली जमीन पर मंदिर की अनुमति की मांग

ज्ञापन में संगठन ने मस्जिद के बराबर में खाली पड़ी करीब 400 वर्ग गज जमीन को मंदिर निर्माण के लिए उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी। संगठन पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि यदि उनके दावे के अनुसार शत्रु संपत्ति की जमीन के एक हिस्से पर धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो हिंदू समाज को भी उसी परिसर में मंदिर निर्माण की अनुमति दी जानी चाहिए।

संगठन ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक सभी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वह तैयार है। संगठन की ओर से यह भी कहा गया कि अनुमति मिलने के बाद प्रमुख सामाजिक एवं प्रतिष्ठित लोगों के सहयोग से मंदिर का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

दो मजारों को हटाने की भी मांग

ज्ञापन में संगठन ने मुजफ्फरनगर की साकेत कॉलोनी में स्थित एक मजार और रुड़की रोड पर स्थित एक मजार को भी हटाने की मांग प्रशासन से की है। संगठन ने संबंधित स्थलों की जांच कराकर उनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।

राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने प्रशासन से मांग की कि शत्रु संपत्ति से संबंधित सरकारी अभिलेखों की जांच कर स्थिति सार्वजनिक की जाए और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन या अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संगठन ने मंदिर निर्माण की मांग पर भी प्रशासन से स्पष्ट निर्णय लेने की अपील की।

ज्ञापन देने वालों में संजय अरोड़ा, राजीव कुमार बंसल, सरिता शर्मा अरोड़ा, प्रवीण जैन, कन्हैया लाल शर्मा, राजू वाल्मीकि, संजीव मलिक, प्रदीप कुमार, राजकुमार गर्ग, राजेश शर्मा, श्याम वर्मा, अनिल मलिक, सचिन पवार, हरीश चौधरी, विनोद मलिक, नितिन बंसल, संजीव शर्मा, अमरीश शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed