मुजफ्फरनगर में विवादित होर्डिंग पर शमशेर मलिक की कड़ी प्रतिक्रिया, माहौल खराब करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। SSP आवास के पास लगाए गए विवादित होर्डिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता शमशेर मलिक ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 2013 की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से जुड़े मनगढ़ंत एवं भ्रामक फोटो को होर्डिंग के माध्यम से प्रदर्शित करना बेहद निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी भी घटना के नाम पर भ्रामक सामग्री के जरिए जनभावनाओं को भड़काने अथवा जनपद का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

शमशेर मलिक ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल विवादित होर्डिंग उतरवाना सराहनीय कदम है, लेकिन यह भी जांच का विषय है कि आखिर इन्हें किसने लगवाया, किस प्रिंटिंग प्रेस से तैयार कराया और होर्डिंग लगाने के बाद वीडियो बनाकर मीडिया में प्रसारित कराने के पीछे क्या उद्देश्य था।

उन्होंने पुलिस-प्रशासन से घटनास्थल के CCTV फुटेज की जांच कर पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान करने तथा संबंधित प्रिंटिंग प्रेस सहित सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की।

शमशेर मलिक ने कहा कि मुजफ्फरनगर पहले ही सांप्रदायिक तनाव का दर्द झेल चुका है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए जिले की शांति और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #SamajwadiParty

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *