लगातार भड़काऊ होर्डिंग लगाने वालों पर पुलिस क्यों नहीं कर रही कार्रवाई: साजिद हसन
मुजफ्फरनगर। शहर में लगातार लगाए जा रहे कथित भड़काऊ और विवादित होर्डिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साजिद हसन ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
साजिद हसन ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर नगर में दूसरी बार विवादित होर्डिंग लगाए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले लगाए गए विवादित होर्डिंग को सपा नेताओं को स्वयं मौके पर पहुंचकर हटाना पड़ा था। इसके बावजूद होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण दोबारा इसी तरह के होर्डिंग लगाए गए हैं।
सपा नेता ने कहा कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर भड़काऊ होर्डिंग उतरवाने की कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन सवाल यह है कि होर्डिंग लगाने वालों तक पुलिस क्यों नहीं पहुंच पा रही है? उन्होंने कहा कि यदि शहर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी है तो पुलिस को इन होर्डिंग्स को लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
साजिद हसन ने आरोप लगाया कि कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं और बार-बार विवादित सामग्री के जरिए शहर के माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर होर्डिंग लगाने वाले लोगों की पहचान करने तथा कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे, इसके लिए पुलिस-प्रशासन को ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भड़काऊ होर्डिंग लगाकर अमन-चैन से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #SamajwadiParty

