विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर, मुजफ्फरनगर में गरजे नेता—सरकार बनी तो महिलाओं को ₹40 हजार सालाना और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा
मुजफ्फरनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू करते हुए जनता, महिलाओं, युवाओं, अल्पसंख्यकों और सर्वसमाज के बीच पहुंचकर संवाद बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सपा के प्रदेश सचिव विनोद सविता मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने सैन समाज के लोगों से मुलाकात कर पार्टी की नीतियों और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की।

मुजफ्फरनगर पहुंचने पर सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव विनोद सविता का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष जिया चौधरी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और किसानों व युवाओं से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर बने हुए हैं। नेताओं ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों से जुड़े सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए।
सपा ने किए बड़े चुनावी वादे
पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर वर्ष ₹40,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने तथा संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के नियमितीकरण की दिशा में कदम उठाने का दावा किया गया। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को स्थायी नियुक्ति देने की बात भी नेताओं ने कही।
सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का फोकस रोजगार, शिक्षा, महिला सुरक्षा, किसानों के हित और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर रहेगा।
धार्मिक स्थलों के मुद्दे पर भी भाजपा पर हमला
सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने धार्मिक स्थलों और मस्जिदों के ध्वस्तीकरण के सवाल पर कहा कि किसी भी व्यक्ति के धार्मिक स्थल पर कार्रवाई होने से दुख होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही धार्मिक मुद्दों को हवा देकर राजनीतिक ध्रुवीकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद में संबंधित पक्षों को संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
जिया चौधरी ने मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना पर भी अफसोस जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला सुरक्षा को लेकर पूजा अंबेडकर ने उठाए सवाल
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अंबेडकर ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी तरह के उत्पीड़न या अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार के महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए।
वहीं, सपा प्रदेश सचिव विनोद सविता ने कहा कि पार्टी लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनसंपर्क अभियान को मजबूत कर रही है और विभिन्न समाजों के लोगों से सीधे संवाद किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें पार्टी के एजेंडे में शामिल करना सपा की प्राथमिकता है।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुजफ्फरनगर में सपा के इस कार्यक्रम को संगठन को मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #SamajwadiParty

