छपार थाना क्षेत्र में बालिका से दुराचार के आरोप, तीन आरोपियों पर मुकदमा; मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
- रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी की रात मंदिर गई एक बालिका के साथ कथित दुराचार और अभद्रता का मामला सामने आया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जन्माष्टमी की रात मंदिर से लौटते समय समीर, सलमान और वलीन नाम के तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तीनों उसे जबरन एक कमरे में ले गए और उसके साथ अभद्रता की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने पीड़िता के पिता से भी बातचीत की और उन्हें हर प्रकार की कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संघर्ष समिति के पदाधिकारी भी सक्रिय हुए। समिति के संयोजक नरेंद्र पवार, देशराज चौहान, अरुण प्रताप आदि ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की पहचान और पता सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #KapilDevAgarwal

